इंदौर के गुलमर्ग परिसर में बाल समिति द्वारा आयोजित ‘गुलमर्ग के राजा’ गणेश महोत्सव बेहद हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। उत्सव के दौरान पूरा परिसर सुंदरकांड, लाइव म्यूजिक, भजन संध्या और महाआरती जैसे धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजता रहा। बच्चों की प्रतिभा निखारने के लिए समिति ने चित्रकला, चेयर रेस और स्पून रेस जैसी कई मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित कीं, जिनमें सभी ने पूरे उत्साह से भाग लिया। इसके अलावा ‘बप्पा 2026 मोमेंट’ के तहत रहवासियों ने सोशल मीडिया पर भी अपने खूबसूरत पल साझा किए। इस बार उत्सव में भक्ति के साथसाथ पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम भी देखने को मिला। गुलमर्ग परिसर युवा समिति ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए 24 सितंबर 2026 को ‘हरियाली से ही खुशहाली’ और ‘पेड़ लगाएं, धरती बचाएं’ का संदेश देते हुए 21 पौधे लगाने का जिम्मा उठाया। युवाओं की इस पहल को खूब सराहा गया। महोत्सव के अंतिम दिन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
अंत में विशाल भंडारे और महाप्रसादी के बाद सभी रहवासियों ने “गणपति बप्पा मोरया, गुलमर्ग के राजा की जय” के जयघोष के साथ बप्पा को भावभीनी विदाई दी।
