देश दर्पण संवाद /भोपाल-सूर्य आराधना व लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व ‘छठ’ की तैयारियां राजधानी में जोरों पर हैं। आगामी 13 नवंबर को ‘नहाय-खाय’ की रस्म के साथ इस पावन पर्व का विधिवत शुभारंभ होगा, जिसके साथ ही व्रती महिलाओं के 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प शुरू हो जाएगा। शहर में कुल 60 स्थानों पर छठ पूजा के विशेष आयोजन किए जा रहे हैं, जहां घाटों की साफ-सफाई से लेकर कुंड और वेदियां बनाने का काम अंतिम चरण में है। शहर में तैयारियों के मुख्य आकर्षण: सरयू सरोवर (अयोध्या नगर): यहां छठ मैया का नौका विहार श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगा। सरोवर के जल को महकाने के लिए एक क्विंटल गुलाब की पंखुड़ियां डाली जाएंगी और 4 बतखें भी छोड़ी जाएंगी। शीतलदास की बगिया: घाट पर आकर्षक सजावट के साथ-साथ आतिशबाजी की जाएगी। 15 नवंबर को डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के पश्चात बड़े तालाब में 2100 दीप प्रवाहित किए जाएंगे।

सरस्वती मंदिर परिसर (बरखेड़ा भेल): यहां पूजा के लिए 5 विशेष कुंड और लगभग दो हजार वेदियां तैयार की गई हैं। इन पूजा स्थलों की बुकिंग 10 नवंबर से टोकन के माध्यम से शुरू होगी। पांच नंबर तालाब: स्थानीय समितियों और समाज के सदस्यों द्वारा श्रमदान कर घाटों, मंदिर और प्रतिमाओं की साफ-सफाई की गई है। पर्व के दौरान विभिन्न घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम और पारंपरिक भोजपुरी व मैथिली लोकगीतों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। महापर्व का समापन 16 नवंबर को उगते सूर्यको अर्घ्यदेने के साथ होगा।