भोपाल (देश दर्पण संवाद)। दीपावली से ठीक पहले मध्य प्रदेश के लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। प्रदेशभर में पिछले तीन दिनों से चल रही नगर निगम और नगरीय निकायों के सफाईकर्मियों की हड़ताल शुक्रवार रात समाप्त हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस ट्रेड यूनियन के नेताओंकी सीधी वार्ता के बाद काम पर लौटने का ऐलान किया गया। एक महीने में मांगें पूरी करने का आश्वासन सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को एक महीने के भीतर पूरा करने का आश्वासन दिया है। इस समझौते के मुख्य बिंदुं इस प्रकार हैं: 2017 तक के 29 दिवस वाले दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को विनियमित किया जाएगा। वर्तमान में सेवारत प्रदेश के सभी विनियमित कर्मचारियों को नियमित (स्थायी) किया जाएगा। ठेका प्रथा के नियमों में ढील देने और पति-पत्नी की मृत्यु से जुड़े सेवा प्रकरणों (अनुकं पा आदि ) के लिए एक संयुक्त कमेटी बनेगी, जिसमें यूनियन के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।
इस फैसले से अकेले भोपाल में 8 हजार दैनिक वेतनभोगी और करीब 1100 विनियमित कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं, पूरे प्रदेश में 1 लाख से ज्यादा कर्मचारी लाभान्वित होंगे। सड़कों पर उतरे अफसर, 24 घंटे में सफाई का लक्ष्य हड़ताल के कारण पिछले तीन दिनों में भोपाल की सड़कों पर लगभग 3100 टन कचरा इकट्ठा हो गया था। हड़ताल खत्म होने के तुरंत बाद पूरा अमला सफाई व्यवस्था सुधारने में जुट गया। सकारात्मक संदेश देने के लिए महापौर मालती राय, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और निगम कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार खुद झाड़ू लेकर सड़कों पर उतरे और सफाई अभियान की शुरुआत की। प्रशासन ने दावा किया है कि अगले 24 घंटे के भीतर शहर से सारा कचरा साफ कर दिया जाएगा।
