नई दिल्ली/जैसलमेर। भारत ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राजस्थान के जैसलमेर स्थित डेजर्टनेशनल पार्क में पहली बार कैप्टिव-ब्रेड यानी संरक्षण केंद्र में पाले गए दो नर ग्रेट इंडियन बस्टर्ड (गोडावण) को रविवार को जंगल में छोड़ा गया। यह कदम इस गंभीर रूप से विलुप्तप्राय पक्षी को उसके प्राकृतिक आवास में दोबारा बसाने की दिशा में महत्वपूर्णमाना जा रहा है। गोडावण कभी राजस्थान के थार मरुस्थल की पहचान हुआ करता था, लेकिन आवास के लगातार सिकुड़ने, शिकार और बिजली की लाइनों से टकराने जैसी वजहों से इसकी संख्या तेजी से घटती गई। इसके संरक्षण के लिए केंद्र सरकार, राजस्थान वन विभाग और भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) ने करीब एक दशक पहले व्यापक संरक्षण कार्यक्रम शुरू किया था। इस अभियान में वैज्ञानिकों ने केवल प्रजन पर ध्यान नहीं दिया, बल्कि पक्षियों को जंगल में जीवित रहने के लिए तैयार करने की प्रक्रिया भी विकसित की।

संरक्षण केंद्रों में पैदा हुए गोडावण को विशेष वातावरणमें प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे भोजन तलाशने, प्राकृतिक परिस्थितियों के अनुरूप ढलने और मानवीय हस्तक्षेप से दूर रहने की क्षमता विकसित कर सकें। 3 अक्टूबर को शुरू हुई प्रक्रिया के बाद 4 अक्टूबर को दो नर गोडावण को खुले प्राकृतिक आवास में छोड़ा गया। सरकार के अनुसार, इस अनुभव से प्राप्त वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर भविष्य में और पक्षियों को जंगल में छोड़े जाने की प्रक्रिया को बेहतर बनाया जाएगा। यह उपलब्धि केवल एक पक्षी प्रजाति को बचाने की कोशिश नहीं है, बल्कि भारत की वैज्ञानिक क्षमता, वन्यजीव संरक्षण नीति और थार के पारिस्थितिकी तंत्र को बचाने की प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। लंबे समय बाद गोडावण का फिर से खुले आसमान में लौटना भारत के संरक्षण प्रयासों के लिए एक उम्मीद भरा अध्याय है।