दिल्ली। महिलाओं के साथ जब भी कुछ गलत होता है, कोई न कोई आवाज़ उठती ही है। कभी वह दबी हुई सिसकी होती है, कभी गुस्से में तनी मुट्ठी, और कभी सड़क पर गूंजता नारा, जिसे सुनकर पूरा शहर पल भर को रुकजाता है। पिछले दिनों दिल्ली विश्विद्यालय के नॉर्थकैंपस में ऐसा ही नज़ारा दिखा। बारिश हो रही थी, सड़कें भीगी थीं, हाथों में थामे पोस्टर गल रहे थे, फिर भी छात्राओं के कदम नहीं रुके। उनकी आवाज़ में डर नहीं था, अपने हक के लिए खड़े होने का हौसला था। यह प्रदर्शन 21 सितंबर को दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में 17 साल की किशोरी के साथ हुई कथित गैंगरेप की घटना के बाद उपजे आक्रोश का हिस्सा था। घटना के बाद दिल्ली के कई इलाकों में छात्राओं और महिलाओं ने सुरक्षित सार्वजनिक जगहों, बेहतर पुलिसिं ग और बेरोकटोक आने-जाने के अधिकार की मांग की। DU के प्रदर्शनों में मिरांडा हाउस, लेडी श्रीराम कॉलेज, गार्गी कॉलेज और कमला नेहरू कॉलेज समेत कई संस्थानों की छात्राएं शामिल हुईं। पर इस बार विरोध की भाषा थोड़ी अलग थी।
नारों में गुस्सा तो था ही, साथ में व्यंग्य भी था और वह बेबाकी भी, जो सीधे रोज़मर्रा की बोलचाल से निकलकर सड़क तक आ पहुंची थी। “एकचौरी, दो समोसा, इनमर्दों का क्या भरोसा?” भीड़ में यह नारा गूंजता तो चेहरों पर हल्की मुस्कान आ जाती, लेकिन उसके पीछे का सवाल बेहद गंभीर था। आखिर महिलाओं को अपने ही शहर में इतना सतर्क क्यों रहना पड़ता है? एक और नारा भी खूब सुनाई दिया: “एक आलू, दो प्याज, भाड़ में जाए मर्द समाज।” हल्के -फुल्के अंदाज़ के बावजूद ये नारे महिलाओं के खिलाफ हिंसा और पितृसत्तात्मक सोच पर सीधा वार थे। सोशल मीडिया पर भी इनकी तस्वीरें और वीडियो तेज़ी से फै ले। नॉर्थकैंपस के मार्चमें दो नारे सबसे ज़्यादा गूंजे: “क्यूट नहीं, क्रांति है हम” और “हम औरतें आज़ाद हैं।” बारिश में भीगती छात्राओं ने साफ कहा कि सुरक्षा के नाम पर महिलाओं की आज़ादी पर पहरा नहीं बिठाया जा सकता।
उनका सवाल सीधा था: रात के बाद बाहर निकलने की ज़िम्मेदारी सिर्फ महिलाओं पर ही क्यों डाली जाती है? पोस्टरों पर भी यही सवाल अलग-अलग तरह से लिखा था। किसी ने लिखा, “बेटी की लोकेशन नहीं, बेटे का इंटेंट चेक करो।” किसी ने लिखा, “रेपिस्ट को अंदर करो, लड़कियों को नहीं।” कुछ पोस्टरों पर बेहतर स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक परिवहन, सुरक्षित रास्तों और कॉलेजों, हॉस्टलों व पीजी के आसपास सुरक्षा की मांग दर्जथी। साउथ कैंपस में हुए शुरुआती प्रदर्शनों में भी छात्राओं ने सिर्फ रेप का मुद्दा नहीं उठाया। उन्होंने पीछा किए जाने, सार्वजनिक जगहों पर बिना इजाज़त महिलाओं की रिकॉर्डिं ग और रोज़ के उत्पीड़न पर भी सवाल उठाए। कई छात्राओं ने बताया कि ऐसी घटनाओं के बाद घरवालों की फिक्र बढ़ जाती है और उन्हें बार-बार बताना पड़ता है कि वे सुरक्षित घर पहुंच गई हैं। यह मार्च उन लड़कियों की साझा आवाज़ था, जो डर के हिसाब से अपनी ज़िं दगी छोटी नहीं करना चाहतीं।
उन्हें पढ़ना है, काम करना है, दोस्तों से मिलना है, देर तक लाइब्रेरी में बैठना है, और ज़रूरत पड़े तो रात में सड़क पर भी चलना है। बारिश रुक जाएगी, पोस्टर सूख जाएंगे, सड़कें फिर पहले जैसी हो जाएंगी। पर छात्राओं का सवाल वहीं खड़ा रहेगा: महिलाओं को सुरक्षित रहने के लिए अपनी आज़ादी क्यों छोड़नी पड़े?
