मुंबई। भारतीय सिनेमा के सबसे प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार’ के पन्नों में इस बार एक नया और ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। पुरस्कारों के सात दशक लंबे इतिहास में यह पहला मौका है, जब यह भव्य समारोह देश की राजधानी नई दिल्ली से बाहर आयोजित किया गया है। स्थापना के बाद से अब तक यह आयोजन हमेशा दिल्ली के विज्ञान भवन में ही होता आया था, लेकिन इस बार परंपरा को बदलते हुए 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह गुजरात के एकता नगर (के वड़िया) में आयोजित हुआ। विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के साये में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय सिनेमा के उत्कृष्ट कलाकारों, निर्देशकों और पर्दे के पीछे काम करने वाले हुनरमंदों को सम्मानित किया। इस वर्ष का सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार युवा कलाकार कार्तिक आर्यन और मलयालम सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मूटी को संयुक्त रूप से प्रदान किया गया।
कार्तिक को यह सम्मान उनकी फिल्म ‘चंदूचैंपियन’ में शानदार अभिनय के लिए मिला, जबकि मूटी को यह पुरस्कार उनकी फिल्म ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए दिया गया। अपना पहला राष्ट्रीय पुरस्कार पाकर कार्तिक आर्यन बेहद भावुक नजर आए। वहीं, फिल्म ‘आर्टिकल 370’ में अपने दमदार अभिनय के लिए यामी गौतम ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार अपने नाम किया। मुख्य फिल्मों (फीचर फिल्म) की श्रेणी में इस बार ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का सर्वोच्च पुरस्कार मिला। वहीं, दृष्टिहीन उद्योगपति श्रीकांत बोला के जीवन पर आधारित राजकुमार राव अभिनीत फिल्म ‘श्रीकांत’ को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म चुना गया। प्रभास और अमिताभ बच्चन की भव्य फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ को ‘संपूर्णमनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म’ का पुरस्कार मिला। संगीत और गीत लेखन की दुनिया में जाने-माने गीतकार मनोज मुंतशिर ने एक बार फिर अपनी कलम का जादू बिखेरा है।
उन्हें अभिनेता अजय देवगन की फिल्म ‘मैदान’ के भावुक कर देने वाले गीत ‘जाने दो’ के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। समारोह में बड़ी फिल्मों के साथ-साथ लघु फिल्मों (शॉर्ट फिल्म) और नवोदित प्रतिभाओं को भी खूब सराहा गया। अभिजीत अरविंद दळवी द्वारा निर्देशित ‘हमसफर’ को सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म का पुरस्कार मिला। वहीं, अभिनेता रणदीप हुड्डा को उनकी फिल्म ‘स्वातंत्र्य वीर सावरकर’ के लिए पहली फिल्म के सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का सम्मान दिया गया। इसके अलावा, दिग्गज अभिनेता संजय मिश्रा को फिल्म ‘भक्षक’ में उनके शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार मिला। इस भव्य आयोजन का सबसे गौरवशाली पल वह रहा, जब कन्नड़ और हिंदी समेत कई भाषाओं की 300 से अधिक फिल्मों में काम कर चुके वयोवृद्ध अभिनेता अनंत नाग को भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मान ‘दादा साहेब फाल्के पुरस्कार’ से नवाजा गया।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सिनेमा के व्यापक प्रभाव का जिक्र किया और सभी कलाकारों से अपील की कि वे अपनी लोकप्रियता का उपयोग समाज में सकारात्मकता और जागरूकता फै लाने के लिए करें।
