भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर स्कूल शिक्षा विभाग ने लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है। विभाग ने पिछले दो दिनों के भीतर 600 अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। यह कदम दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित परिवारों को समय पर आर्थिक संबल और सम्मानजनक जीवन प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है। स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग में अनुकंपा नियुक्ति के करीब 859 प्रकरण लंबे समय से लंबित थे। मुख्यमंत्री की जन-कल्याणकारी सोच और अपेक्षा के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करते हुए, इनमें से 600 मामलों में नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। शिक्षामंत्री ने इस निर्णय को ‘संवेदनशीलता से समाधान’ बताते हुए कहा कि इसे पीड़ित परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।
आगामी दो दिनों में 30 और आदेश होंगे जारी शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी कि प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है और आगामी दो दिनों में लगभग 30 और अनुकंपा नियुक्ति आदेश जारी किए जाएंगे। शेष बचे प्रकरणों के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार उन पर भी पूरी संवेदनशीलता के साथ आवश्यक विकल्पों पर विचार कर रही है। राज्य सरकार का मुख्य प्रयास यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी दिवंगत कर्मचारी के परिवार को अनावश्यक भटकाव का सामना न करना पड़े और उन्हें जल्द से जल्द उनका अधिकार मिल सके।