भोपाल: जीवन केवल एक तय रास्ते पर चलने का नाम नहीं है, बल्कि यह स्वयं को जाने, नई संभावनाओं को तलाशने और हर अनुभव से कुछ नया सीखने का एक खूबसूरत सफर है। इस सोच को चरितार्थकर रही हैं मात्र 25 वर्षकी युवा और बहुमुखी प्रतिभा की धनी ग़ज़ल डेहरिया। मध्य प्रदेश के एक छोटे से गाँव ‘तामिया’ से ताल्लुक रखने वाली ग़ज़ल आज एक अभिनेत्री, लेखिका, कवयित्री, वेशभूषा अभिकल्पक (फैशन डिज़ाइनर), रूपसज्जा विशेषज्ञ (स्टाइलिस्ट) और एक प्रयोगधर्मी रचनात्मक व्यक्तित्व के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं। मातृत्व के भावनात्मक जुड़ाव से जन्मा लेखन ग़ज़ल की शैक्षणिक यात्रा नौवीं क्षा से ही भोपाल में आरंभ हो गई थी। परिवार में सबसे छोटी होने के कारण उनका अपनी माँ से विशेष लगाव था। माँ से दूर रह कर पढ़ाई करने की इसी कसक और भावनात्मक जुड़ाव ने उनके भीतर शब्दों के प्रति प्रेम को जन्म दिया। उन्होंने अपनी पहली कविता अपनी माँ के लिए ही लिखी थी, जो केवल कुछ शब्द नहीं, बल्कि उनके गहरे अहसासों की साक्षात अभिव्यक्ति थी।
यहीं से उनके लेखन का सफर शुरू हुआ। इस यात्रा में उनके पिता का भी अहम योगदान रहा, जिन्होंने हमेशा उन्हें अपनी रुचि के अनुसार आगे बढ़ने और नए रास्ते तलाशने की पूर्ण स्वतंत्रता दी। किस्मत नहीं, कड़ी मेहनत पर है विश्वास साहित्य के क्षेत्र में ग़ज़ल को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। उनकी एक बड़ी उपलब्धि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), गुवाहाटी के प्रतिष्ठित ‘अलचेरिंगां उत्सव’ के साहित्यिक चरण के भोपाल ऑडिशन में निर्णायक की भूमिका निभाना रहा है। अक्सर लोग उनकी कामयाबी को अच्छी किस्मत का नाम देते हैं। इस सोच का सटीक जवाब देते हुए ग़ज़ल अपनी लिखी पंक्तियों में कहती हैं: “वो कहते हैं, अच्छी किस्मत है तुम्हारी, शायद मेहनत से डरते हैं कुछ लोग, इसलिए कामयाबी में भी ढूँढ़ते हैं तक़दीर हमारी।” परिधान, कला और अभिनय की दुनिया लेखन के साथ-साथ ग़ज़ल की रुचि अभिनय और परिधान सज्जा में भी बहुत गहरी है।
मंच संचालन (एंकरिंगं ) के साथ उन्होंने कुछ फिल्मों में छोटे किरदार भी निभाए हैं और भविष्य में रूपहले पर्दे पर सक्रिय होने की आकांक्षा रखती हैं। परिधान अभिकल्पन (फैशन डिज़ाइनिंगं ) में प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद उन्होंने कई प्रदर्शनियों में अपने डिज़ाइन किए परिधान प्रदर्शित किए हैं। मुम्बई में बतौर रूपसज्जा विशेषज्ञ काम करने के बाद, अब वह अपना स्वयं का एक विशिष्ट और उत्कृष्ट परिधान ब्रांड स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही हैं। इसके अतिरिक्त, संगीत, चित्रकारी और कथक नृत्य भी उनकी रचनात्मकता के अभिन्न अंग हैं। शिक्षा और रोमांच का अनूठा संगम ग़ज़ल का माना है कि स्वयं को जाने के इस सफर में शिक्षा से नाता कभी नहीं टूटना चाहिए। बचपन से पढ़ाई में अव्वल रहने वाली ग़ज़ल ने गणित की छात्रा होने के बावजूद कला संकाय को चुना। उन्होंने राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर (एम.ए.) किया और संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएसी) की तैयारी भी की।
इसी दौरान उन्हें एहसास हुआ कि उनकी स्वतंत्र सोच और कल्पनाशीलता किसी एक पारंपरिक करियर तक सीमित नहीं रह सकती। अपने शैक्षणिक विस्तार को निरंतर जारी रखते हुए उन्होंने शिक्षा स्नातक (बी.एड.) किया और वर्तमान में विधि स्नातक (एलएल.बी.) की पढ़ाई कर रही हैं। रोमांच और प्रकृति से अगाध लगाव के चलते उन्होंने नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से साहसिक खेल पाठ्यक्रम (एडवेंचर कोर्स) भी किया है और वह राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) का भी सक्रिय हिस्सा रही हैं। महिलाओं और पाठकों के नाम ग़ज़ल का खास संदेश ‘देश दर्पण संवाद’ के सुधी पाठकों एवं विशेषकर महिलाओंको प्रेरित करते हुए ग़ज़ल ने कहा- “अपने सपनों को पूरा करने का अदम्य साहस रखें और कभी भी सीखना व आगे बढ़ना न छोड़ें। अपने आप को एक आज़ाद पंछी की तरह रखें और हमेशा कुछ नया सीखने के लिए त्पर रहें, क्योंकि जीवन बहुत छोटा है और जाने के लिए बहुत कुछ है। केवल एक पहचान तक सीमित रहकर हम जीवन को समग्रता में नहीं जान सकते।
” उन्होंने आगे कहा, “हमेशा एक बच्चे की तरह जिज्ञासु रहें और किसी बात को केवल मान लेने के बजाय उसे गहराई से जाने और समझने का प्रयास करें। इसे आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा, आपको स्वयं को जाने का अवसर मिलेगा और आप ब्रह्मांड की असीमित शक्तियों को अपने भीतर महसूस कर सकेंगे। खुद को नए अनुभवों, नए विचारों और नई संभावनाओं के लिए हमेशा खुला रखें। याद रखें, सफलता केवल अथक मेहनत, अटूट आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से ही प्राप्त होती है।”
