मोहाली। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियाई हॉकी में अपनी बादशाहत को एक बार फिर साबित करते हुए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने जापान को 4-1 के बड़े अंतर से शिकस्त दी। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही भारतीय टीम ने रिकॉर्डछठी बार इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है और लगातार तीसरी बार चैंपियन बनकर खिताबों की हैट्रिक भी पूरी की है। खिताबी मुकाबले की शुरुआत भारत के लिए थोड़ी चुनौतीपूर्ण रही। मैच के तीसरे ही मिनट में जापान के काजुमासा मात्सुमोतो ने गोल दागकर अपनी टीम को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। पहले दो क्वार्टर तक जापानी डिफेंस ने भारतीय आक्रमण को रोके रखा। हालांकि, मध्यांतर के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने गजब की वापसी की और आक्रामक हॉकी का प्रदर्शन करते हुए मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया।

भारत की ओर से शिलानंद लाकड़ा, दि लप्रीत सिंह, जुगराज सिंह और विवेक सागर प्रसाद ने शानदार गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की। आखिरी क्वार्टर में भारतीय फॉरवर्ड पंक्ति ने जापानी रक्षापंक्ति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहने वाली भारतीय टीम ने इसे पहले सेमीफाइनल में भी दक्षिण कोरिया को 8-1 से करारी मात देकर अपने इरादे साफ कर दिए थे। घरेलू दर्शकों के जबरदस्त समर्थन के बीच हासिल की गई यह जीत आगामी अंतराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिए भारतीय टीम का मनोबल सातवें आसमान पर पहुंचाएगी। इस जीत के साथ भारत टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बनी हुई है।