नई दिल्ली लाल गेंद, सफेद जर्सी और हवा में उड़ती हुई विकेट की गिल्लियां। टेस्ट क्रिकेट में अब यह रोमांचक नजारा, कम से कम मोहम्मद शमी के हाथों तो देखने को नहीं मिलेगा। भारतीय क्रिकेट जगत से एक बड़ी और भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है। रिवर्स स्विंगं के जादूगूर और टीम इंडिया के धाकड़ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। शमी ने एक बेहद भावुक संदेश साझा करते हुए अपने इस बड़े फैसले की जानकारी दी। उन्होंने अपने प्रशंसकों और चाहने वालों का आभार जताते हुए लिखा, भारत के लिए सफेद जर्सी में खेलना मेरे जीवन का सबसे गर्व का पल रहा। यह महज एक खिलाड़ी का संन्यास नहीं है, बल्कि भारतीय टेस्ट इतिहास के उस युग का अंत है, जिसमें विदेशी पिचों पर भारतीय तेज गेंदबाजों ने अपना खौफ पैदा करना शुरू किया था। शमी ने 6 नवंबर 2013 को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था।
यह एक दिलचस्प संयोग है कि टेस्ट क्रिकेट में कदम रखने के ठीक 13 साल बाद उन्होंने इसी प्रारूप से संन्यास का ऐलान किया है। अपने शानदार करियर में शमी ने भारत के लिए 64 टेस्ट मैच खेले और 27.71 की गेंदबाजी औसत से 229 विकेट चटकाए। इस दौरान उन्होंने छह बार एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी किया। उनका आखिरी टेस्ट मैच जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल था, जो इंग्लैंड के द ओवल मैदान पर खेला गया था। शमी का वो रनअप, क्रीज पर आते ही गेंदबाजी की शानदार लय और गेंद का टप्पा खाकर दिशा बदलना, ये सिर्फ गेंदबाजी नहीं, बल्कि एक कला थी। विदेशी पिचों पर भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाने में शमी के योगदान को क्रिकेट जगत हमेशा याद रखेगा। भले ही शमी अब टेस्ट प्रारूप में नजर नहीं आएंगे, लेकिन उनके दिए हुए अनगिनत यादगार पल, क्रिकेट इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्जहो गए हैं। देशदर्पणसंवाद इस दिग्गज तेज गेंदबाज को शानदार टेस्ट करियर की ढेरों शुभकामनाएं देता है।
