अवसर से ऑर्डर तक, और ऑर्डर से भुगतान तक—हर सप्ताह एक कम-जाना नियम भाग – 9 दस साल में बदल गया सरकारी बाजार… अब किस क्षेत्र में छिपे हैं बड़े अवसर? AI, स्मार्ट उपकरण, सौर ऊर्जा और नई तकनीक से जुड़े उत्पाद—जानिए GeM पर अपने कारोबार की संभावनाएं तलाशने का अनजाना तरीका एक युवा ने ऐसा उपकरण बनाया जो पानी की गुणवत्ता जांच सकता है। दूसरे ने विद्यालयों के लिए स्मार्ट शिक्षण प्रणाली तैयार की। तीसरे ने बिजली बचाने वाला सौर उपकरण विकसित किया। तीनों के मन में एक ही सवाल था— “हमारा उत्पाद अच्छा है, लेकिन क्या इसकी जरूरत किसी सरकारी विभाग को भी है?” दिलचस्प बात यह है कि इस सवाल का जवाब केवल अनुमान लगाने से नहीं, बल्कि GeM पर सरकारी खरीद की वास्तविक मांग का अध्यन करके भी खोजा जा सकता है। 86 से 10 हजार से अधिक श्रेणियां—दस वर्षों में कितना बदला बाजार! दिसंबर 2016 में GeM पर केवल 86 उत्पाद श्रेणियां और लगभग चार हजार उत्पाद उपलब्ध थे।

अगस्त 2026 तक यह दायरा बढ़कर 10,660 से अधिक उत्पाद और 350 सेवा श्रेणियों तक पहुंच चुका था। लेकिन यह केवल संख्याओं का विस्तार नहीं है। सरकारी खरीद में अब पारंपरिक सामान के साथ आधुनिक तकनीक, ऊर्जा संरक्षण, डिजिटल शिक्षा, निगरानी और स्वचालन जैसी आवश्यकताएं भी सामने आ रही हैं। यानी आज का नया उत्पाद, आने वाले समय में किसी सरकारी विभाग की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन सकता है। किन नई तकनीकों में अवसर तलाशें? स्मार्टशिक्षा: डिजिटल शिक्षण उपकरण, इंटरैक्टिव स्क्रीन, स्मार्ट क्षा, ऑनलाइन प्रयोगशाला और विद्यालयों की तकनीकी व्यवस्था। सौर ऊर्जा और पर्यावरण: सौर स्ट्रीट लाइट, ऊर्जा बचाने वाले उपकरण, जल शुद्धिकरण, वायु एवं जल गुणवत्ता की निगरानी और स्वच्छता समाधान। AI और रोबोटिक्स: आंकड़ों का विश्लेषण, स्वचालित निगरानी, मशीनों की स्थिति जांचने वाले उपकरण और जोखिम वाले कामों के लिए रोबोटिक समाधान।

डिजिटल सुरक्षा: साइबर सुरक्षा, नेटवर्क निगरानी, डेटा प्रबंधन, सॉफ्टवेयर विकास और सरकारी डिजिटल प्रणालियों का रखरखाव। ड्रोन और space-tech: भूमि सर्वेक्षण, डिजिटल मानचित्र, उपग्रह चित्रों का विश्लेषण, कृषि निगरानी और तकनीकी निरीक्षण। ये केवल कल्पनाएं नहीं हैं। वर्ष 2026 की वास्तविक सरकारी BID में सौर स्ट्रीट लाइट, स्मार्ट क्षा की स्थापना, साइबर सुरक्षा और ड्रोन आधारित सर्वेक्षण जैसी आवश्यकताएं सामने आई हैं। सबसे रोचक बात—आपकी तकनीक की मांग किसी दूसरे नाम से भी हो सकती है! मान लीजिए आपने स्मार्ट क्षा के लिए एक उपकरण बनाया है। आप GeM पर उसका नाम खोजते हैं, लेकिन कोई BID दिखाई नहीं देती। क्या इसका मतलब है कि सरकारी बाजार में उसकी मांग ही नहीं? जरूरी नहीं! सरकारी खरीदार उसी आवश्यकता को डिजिटल शिक्षण उपकरण, इंटरैक्टिव डिस्प्ले, स्मार्ट क्षा स्थापना या दृश्य-श्रव्य शिक्षण प्रणाली जैसे अलग-अलग नामों से व्यक्त कर सकता है।

इसी तरह पानी की गुणवत्ता जांचने वाला उपकरण कभी निगरानी प्रणाली तो कभी परीक्षण सेवा के रूप में मांगा जा सकता है इसलिए केवल अपने उत्पाद का नाम मत खोजिए— उस समस्या का नाम भी खोजिए जिसे आपका उत्पाद हल करता है। पिछली दस BID बता सकती हैं बाजार की दिशा! यह एक ऐसा व्यावहारिक तरीका है जिसे नए उद्यमी अक्सर अपनाते ही नहीं। अपने उत्पाद से संबंधित पिछली दस सरकारी BID खोजिए और जांचिए कि किन विभागों ने खरीद की मांग रखी, कितनी मात्रा चाहिए थी, कौन-से तकनीकी मानक मांगे गए और आपूर्तिकहां करनी थी। फिर जहां जानकारी उपलब्ध हो, वहां प्रदान किए गए ऑर्डर और पिछली खरीद के परिणाम भी देखिए। मान लीजिए अलग-अलग जिलों में कई विभाग समान प्रकार की जल गुणवत्ता निगरानी प्रणाली मांग रहे हैं। यह संकेत हो सकता है कि उस तकनीक की उपयोगिता केवल एक ग्राहक तक सीमित नहीं है। हालांकि BID प्रकाशित होना और ऑर्डर मिलना अलग बातें हैं। इसलिए खरीद के अंतिम परिणाम की जांच भी जरूरी है।

एक और अनजाना पहलू—उत्पाद नहीं, सेवा की मांग भी खोजिए! कई युवा अपने उपकरण को बेचने की संभावना तो देखते हैं, लेकिन उसे मिलने वाली सेवा को भूल जाते हैं। उदाहरण के लिए ड्रोन बनाने वाला युवा ड्रोन बेचने के साथ सर्वेक्षण सेवा की संभावना भी देख सकता है। AI विकसित करने वाला युवा तैयार सॉफ्टवेयर के अलावा डेटा विश्लेषण या स्वचालन सेवा की मांग खोज सकता है। यानी एक तकनीक के लिए सरकारी बाजार में उत्पाद और सेवा—दोनों अलग अवसर हो सकते हैं। अपने उत्पाद की संभावनाएं कैसे तलाशें? सबसे पहले GeM की सार्वजनिक BID सूची खोलकर उत्पाद के अलग-अलग नाम और उसके उपयोग से जुड़े शब्द खोजिए। फिर सामान्य उत्पाद BID के साथ सेवा, विशेष आवश्यकता और मात्रा-सूची आधारित खरीद के दस्तावेज भी देखिए। इसके बाद तीन बातें मिलाइए—मांग कितनी बार सामने आई, खरीदार किस तकनीकी मानक की अपेक्षा कर रहा है और आपका उत्पाद उसे कितना पूरा करता है।

यदि उपयुक्त श्रेणी नहीं मिलती, तो पात्र Startup को नवाचार संबंधी उपलब्ध व्यवस्थाओं और श्रेणी संबंधी अनुरोध की प्रक्रिया की जानकारी भी लेनी चाहिए। युवा भारत के लिए सबसे महत्वपूर्ण सीख दस वर्षों में GeM ने सरकारी बाजार का दायरा बढ़ाया है। अब नया उद्यमी केवल उत्पाद बनाकर ग्राहक का इंतजार करने तक सीमित नहीं है। वह सरकारी खरीद की प्रकाशित आवश्यकताओं का अध्यन करके यह समझ सकता है कि किन समस्याओं के लिए नए समाधान की जरूरत सामने आ रही है। “पहले उत्पाद बनाकर ग्राहक खोजा जाता था; अब सरकारी मांग समझकर उपयोगी उत्पाद विकसित करने का रास्ता भी खुला है।” क्योंकि भविष्य का सफल युवा उद्यमी केवल यह नहीं पूछेगा कि “मैं क्या बेच सकता हूं?” वह यह भी पूछेगा— “सरकार को किस समस्या का समाधान चाहिए, और क्या मेरी तकनीक वह समाधान दे सकती है?” अगली और अंतिम कड़ी — भाग 10 सरकारी बाजार अब सबकी पहुंच में… दस साल में कितना आसान हुआ कारोबार? दफ्तरों के अनावश्यक चक्करों से डिजिटल खरीद तक, भुगतान की ऑनलाइन जानकारी से

वित्तीय सहायता तक—GeM के दस वर्षों की दस सीख और युवा भारत के नाम विशेष समापन।