‘देश दर्पण संवाद’ के पिछले अंक में हमने महर्षि पतंजलि के ‘योग दर्शन’ की एक सामान्य रूपरेखा और आत्मकल्याण के इस प्रत्यक्ष मार्ग पर चर्चा की थी। “हम खबर नहीं आईना दिखाते हैं” के अपने संकल्प के साथ, हमारा यह प्रयास है किहम समाज को केवल बाहरी ही नहीं, बल्किआंतरिक यथार्थसे भी परिचित कराएं। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए, आज हम योग दर्शन के प्रथम अध्याय ‘समाधि पाद’ के मूल रहस्यों और अष्टांग योग के आधारभूत अंगों—यम और नियम—पर सरल भाषा में चर्चा करेंगे।महर्षि पतंजलि अपने महान ग्रंथ की शुरुआत अत्यंत सहजता से करते हैं— “अथ योगानुशासनम्” अर्थात, अब परम्परागत योगविषयक शास्त्र आरम्भ करते हैं। यहाँ ‘अनुशासन’ शब्द यह स्पष्ट करता है कि योग मात्र एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक अनुशासित कला है। इसके तुरंत बाद वे योग की सबसे सटीक और वैज्ञानिक परिभाषा देते हैं: “योगश्चित्तवृत्तिनिरोधः” जिसका अर्थहै, चित्त (मन) की वृत्तियों का निरोध या सर्वथा रुक जाना ही योग है।
आज के समय में हमारा मन अनगिनत विचारों, चिंतांओं और इ च्छाओं में भटकता रहता है। इन्हीं मानसिक उलझनों को पूरी तरह शांत करना ही योग का प्रथम लक्ष्य है। जब चित्त की ये वृत्तियाँ शांत हो जाती हैं, तब क्या होता है? इसका उत्तर महर्षि अगले सूत्र “तदा द्रष्टुः स्वरूपेऽवस्थानम्” में देते हैं। अर्थात, उस समय द्रष्टा (आत्मा) की अपने वास्तविक स्वरूप में स्थिति हो जाती है। इसी अवस्था को वास्तव में ‘कैवल्य-अवस्था’ (मोक्ष) प्राप्त होना कहा जाता है। परंतु, जब तक हम योग-साधनों के द्वारा चित्त को शांत नहीं करते, तब तक हम अपनी मानसिक वृत्तियों के अनुरूप ही अपना स्वरूप समझते रहते हैं (“वृत्तिसारूप्यमि तरत्र”)। शास्त्र के अनुसार मन की ये वृत्तियाँ मुख्य रूप से पाँच प्रकार की होती हैं, जिनमें कुछ ‘क्लिष्ट’ (अविद्या आदि क्लेश देने वाली) और कुछ ‘अक्लिष्ट’ (योग साधन में सहायक) होती हैं। एक साधक को चाहिए कि वह पहले अक्लिष्ट वृत्तियों की सहायता से क्लिष्ट वृत्तियों को हटाए और फिर मन को पूर्णतः शांत करे।
अब सबसे बड़ा प्रश्न यह उठता है कि चित्त की इन चंचल वृत्तियों को कैसे रोका जाए? यहीं से अष्टांग योग के प्रथम दो सोपान—’यम’ और ‘नियम’ की व्यावहारिक भूमिका आरंभ होती है। यम (अहिंसां, सत्य, अस्तेय, ब्रह्मचर्य, अपरिग्रह) हमें बाहरी दुनिया और समाज के साथ संतुलन बनाना सिखाते हैं। आज के तनाव और द्वेष भरे दौर में यम का पालन एक स्वस्थ समाज की नींव रखता है। वहीं, नियम (शौच, संतोष, तप, स्वाध्याय, ईश्वर प्राणिधान) हमारे आंतरिक जीवन और विचारों को शुद्ध करने का मार्ग हैं। यम और नियम के अनुशासन के बिना चित्त की वृत्तियों को नियंत्रित करना असंभव है। ये दोनों ही योग रूपी भवन की वह मजबूत नींव हैं, जिस पर आगे चलकर ध्यान और समाधि का भव्य महल खड़ा होता है। ‘देश दर्पण संवाद’ के संपादकीय पृष्ठ के माध्यम से मेरा यह निरंतर प्रयास रहेगा कि योग दर्शन के इस गूढ़ विज्ञान को अत्यंत आसान भाषा में आप तक पहुँचाता रहूँ। समाधि पाद के इस ज्ञान को अपने जीवन में उतारकर ही हम यथार्थ स्वास्थ्य प्राप्त कर सकते हैं।
अगले अंक में हम योग के अन्य अंगों और उनके वैज्ञानिक लाभों पर विस्तार से चर्चा करेंगे।