नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सेना में भर्ती के लिए 2022 में शुरू की गई ‘अग्निपथ योजना’ को लेकर एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब चार साल की सेवा पूरी करने वाले 75% अग्निवीरों को सेना से बाहर करने के प्रावधान में बदलाव कर दिया गया है। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने घोषणा की है कि 4 साल बाद 25% अग्निवीर पहले की तरह ही नियमित किए जाएंगे, जबकि शेष 75% अग्निवीरों को अब दो साल की अतिरिक्त सेवा का मौका दिया जाएगा। छह साल की कुल सेवा पूरी होने के बाद इन इच्छुक जवानों को भी योग्यता और तय मानदंडों के आधार पर नियमि त/स्थायी सैनिक बने का अवसर मिलेगा। यह अहम फैसला प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में कैबिनेट द्वारा मंजूर किया गया है। यह बदलाव ऐसे महत्वपूर्ण समय में किया गया है जब पहले बैच के 18,300 अग्निवीर 31 दिसंबर को अपनी 4 साल की सेवा पूरी कर बाहर होने वाले थे।
इस नई व्यवस्था के तहत, अतिरिक्त दो वर्षों (पांचवें और छठे साल) में अग्निवीरों का मासिक वेतन बढ़ाकर क्रमशः 43,500 रुपये और 47,500 रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही, उनकी ‘सेवा निधि ’ में सरकारी अंशदान भी बढ़ाया जाएगा। जो अग्निवीर 6 साल बाद नियमित होंगे, उन्हें बाकी सैनिकों की तरह पेंशन और अन्य सभी लाभ भी प्राप्त होंगे। सेना में नई भर्ती प्रक्रिया पहले की तरह ही जारी रहेगी।
