भोपाल | देश दर्पण संवाद: आगामी त्योहारों को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने समत्व भवन से प्रदेश के सभी कलेक्टर्स और एसपी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस वर्चुअल बैठक में कानून-व्यवस्था, किसानों की सुविधा और छोटे व्यापारियों को राहत देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश
छोटे दुकानदारों को बड़ी राहत
त्योहारी सीजन में छोटे व्यापारियों को आर्थिक सहूलियत देते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें तहबाजारी (बाजार शुल्क) से पूरी तरह छूट देने के निर्देश दिए हैं।
सुरक्षा और पटाखों पर सख्ती
दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। अवैध और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री पर सख्त रोक लगाने के साथ ही कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग पर पूर्णतः अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों को समय पर खाद और मुआवजा
रबी सीजन को देखते हुए किसानों को खाद और उर्वरक की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को मुस्तैद रहने को कहा गया है। इसके अलावा, प्रदेश के 12 सामान्य वर्षा वाले जिलों में आनावारी के आंकड़े आने के बाद तुरंत सर्वे कर पात्र किसानों को नियमानुसार राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
धनतेरस पर रजिस्ट्री और गोवर्धन पूजा का आयोजन
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि धनतेरस के शुभ अवसर पर जिलों के अधिक से अधिक गांवों में 'मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना' के तहत शत-प्रतिशत रजिस्ट्री कराने का प्रयास किया जाए। साथ ही, 9 नवंबर को पूरे प्रदेश में गोवर्धन पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा।
अवैध शराब पर कार्रवाई और नशामुक्ति
समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सख्त कदम उठाते हुए सीएम ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और उपयोग पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा है। इसके साथ ही, सभी जिलों में नशामुक्ति और पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
