भोपाल, देश दर्पण संवाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय संगठन ने युवा मोर्चा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और राष्ट्रीय कार्यपरिषद का ऐलान कर दिया है। लोकसभा सांसद और भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी द्वारा घोषित इस टीम में मध्य प्रदेश के तीन युवा चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियांसौंपी गई हैं। वर्तमान में मप्र युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री और देवास निवासी आशीष झाला को 21 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम में मंत्री नियुक्त किया गया है। वहीं, 34 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यपरिषद में मध्य प्रदेश से दो युवाओं को जगह मिली है; इनमें भोपाल की भक्ति शर्मा को रिपीट किया गया है और ग्वालियर के गजेंद्र सिंह तोमर (अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय सचिव रहे) को नया सदस्य बनाया गया है। यूपी-बिहार का रहा दबदबा राष्ट्रीय कार्यकारिणी टीम में सर्वाधिक हिस्सेदारी उत्तर प्रदेश, बिहार, तेलंगाना और दिल्ली को मिली है। इन चारों राज्यों से 3-3 पदाधिकारी बनाए गए हैं।

वहीं राष्ट्रीय कार्यपरिषद में अकेले यूपी से 5 युवा नेताओं को जगह दी गई है। कई दिग्गज दावेदार रह गए पीछे पार्टी सूत्रों के अनुसार, मप्र से राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के लिए पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष वैभव पवार, राहुल तिवारी, अंकित गर्ग और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा के बेटे तुम्बुल झा जैसे कई नाम दावेदार माने जा रहे थे। हालांकि, प्रदेश से सिर्फ आशीष, भक्ति और गजेंद्र को ही राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के कार्यक्रमों और युवाओं से जुड़े मुद्दों में नई भूमिका निभाने की हरी झंडी मिल सकी है।