भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार का नया और बेहद एडवांस विमान ‘बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500’ आखिरकार भोपाल के स्टेट हैंगर पर पहुंच गया है। हालांकि, मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी को इस आलीशान विमान में सफर करने के लिए अभी करीब डेढ़ महीने यानी 45 दिन का इंतज़ार करना होगा। साल 2021 में पुराना सरकारी विमान क्रैश होने के बाद से राज्य सरकार अब तक किराए के प्राइवेट विमानों से काम चला रही थी, जिसका भारी बिल चुकाना पड़ रहा था। अब इस नए विमान के आने से यह कमी पूरी हो गई है। विमान भोपाल तो आ गया है लेकिन अभी इसका उड़ान भरना संभव नहीं है क्योंकि इसके कई कागजी काम पूरे होने बाकी हैं। दिल्ली में कस्टम क्लीयरेंस और नागर विमान महानिदेशालय (डीजीसीए) से जुड़ी कई जरूरी मंजूरियां अभी ली जानी हैं। इसके अलावा 268 करोड़ रुपये के इस भारी-भरकम विमान का इंश्योरेंस भी होना है, जिसका हर साल का प्रीमियम ही करीब दो करोड़ रुपये होगा।
इन सब कानूनी और कागजी प्रक्रियाओं को पूरा होने में लगभग 45 दिन का समय लग जाएगा, जिसके बाद ही मुख्यमंत्री इसमें सफर कर सकेंगे।इस विमान की खासियतें किसी उड़ते हुए फाइव स्टार होटल जैसी हैं। इसमें जीरो ग्रेविटी वाली सीटें लगी हैं और पूरा केबिन आपकी आवाज से कंट्रोल होता है। यह प्लेन इतना दमदार है कि एक बार टैंकं फुल होने पर यह भोपाल से सीधे जापान तक बिना रुके जा सकता है। यह 45 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ने की ताकत रखता है जिसे खराब मौसम का इस पर ज्यादा असर नहीं होता। एक और दिलचस्प बात यह है कि हमारे मध्य प्रदेश के दो पायलटों ने इसे उड़ाने की ट्रेनिंे ग विदेश में ली है, लेकिन सुरक्षा नियमों के कारण पहले एक साल तक इस विमान की कमान इसे बनाने वाली कंपनी के ही एक विदेशी पायलट के हाथों में रहेगी। अपने दोनों पायलट अभी उनके साथ बतौर को-पायलट ही उड़ान भरेंगे।
