नई दिल्ली- देश की सरकारी वेबसाइटों की साइबर सुरक्षा को लेकर एक बड़ी चिंता सामने आई है। बेंगलुरु स्थित कंपनी ‘ई-मुद्रा’ के 8 गोपनीय डिजिटल सुरक्षा कोड उजागर हो गए हैं। गौरतलब है कि ई-मुद्रा की सेवाओं का उपयोग कई सरकारी विभागों और सार्वजनिक कंपनियों द्वारा किया जाता है। क्या था खतरा? कंपनी के अनुसार, यह तकनीकी खामी अप्रैल 2025 में हुई एक गलती के कारण उत्पन्न हुई थी। इन लीक हुए कोड्स का फायदा उठाकर साइबर अपराधी नकली वेबसाइट्स को बिल्कुल असली जैसा दिखा सकते थे। इसे आम जनता की निजी जानकारी और पैसे चोरी होने का गंभीर खतरा बन गया था। त्काल कार्रवाई और बचाव मामला 17 अक्टूबर को सामने आते ही गूगल और मोजिला जैसी प्रमुख कंपनियों ने तुरंत प्रभावित प्रमाणपत्रों को ब्लॉक कर दिया। वहीं, केंद्र सरकार भी तुरंत हरकत में आ गई। केंद्रीय आईटी मंत्रालय ने बुधवार को इस पूरे मामले की जांच के लिए एक टीम का गठन कर दिया है। ई-मुद्रा ने भी सुरक्षा कदम उठाते हुए सभी प्रभावित प्रमाणपत्रों को रद्द कर दिया है।
राहत की खबर सरकार ने देशवासियों को आश्वस्त किया है कि भारतीय सेवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और देश में डिजिटल हस्ताक्षर तथा ई-साइन सेवाओं पर इसका बेहद कम असर पड़ा है। हालांकि, यूआईडीएआई (UIDAI) और आयकर विभाग जैसे बड़े संस्थान भी ई-मुद्रा की तकनीक का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन अब तक उनकी वेबसाइटों के इस लीक से प्रभावित होने की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
