इंदौर: जब आस्था दिलों में गहराई तक उतरती है, जब भक्ति हर घर की सर्वोच्च पहचान बन जाती है और जब पूरा समाज माँ भगवती के चरणों में एक साथ नतमस्तक होता है, तब जन्म लेता है एक ऐसा उत्सव, जो केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि भावनाओं और संस्कारों का महापर्व बन जाता है। इसी असीम श्रद्धा, उल्लास और सनातन संस्कृति के गौरव के साथ गुलमर्ग परिसर के रहवासियों ने इस वर्ष नवरात्रि के पावन पर्व को अत्यंत भव्यता के साथ मनाया। यहाँ पूरे विधि-विधान के साथ ‘गुलमर्ग की महारानी’ के नाम से माता का भव्य दरबार सजाया गया, जहाँ माँ दुर्गा की मनमोहक प्रतिमा विराजीं। माँ दुर्गा के इस दरबार ने नौ दिनों तक पूरे परिसर में अभूतपूर्व उत्साह और आनंद का वातावरण निर्मित किए रखा। यहाँ नवरात्रि का पर्व केवल नौ दिनों की पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह माँ के प्रति अटूट विश्वास, परिवारों के आपसी प्रेम और समाज की एकजुटता का एक सशक्त प्रतीक बन गया है।

‘गुलमर्ग की महारानी’ का नाम अपने आप में असीम श्रद्धा, सम्मान और गौरव की अनुभूति कराता है। इस शक्ति पर्व के दौरान हर दिन पूरा परिसर माँ की आरती और गरबा की सुमधुर धुनों से गूंजता रहा। इस महोत्सव की सबसे बड़ी विशेषता निवासियों की वह आत्मीय भावना रही, जिसने सभी को एक वृहद परिवार की तरह जोड़ दिया। आयोजन की शुरुआत से लेकर प्रतिदिन की व्यवस्था तक, हर कार्य को रहवासियों ने आपसी सहयोग और पूर्ण सद्भावना के साथ संपन्न किया। बच्चों की उमंग, युवाओं का अदम्य उत्साह, महिलाओं की अगाध श्रद्धा और वरिष्ठजनों का आशीर्वाद मिलकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बना गए। यह आयोजन सनातन संस्कृति के उस मूल मंत्र का जीवंत उदाहरण है, जो हमें एकता, सहयोग और भाईचारे की शिक्षा देता है। माँ के दरबार में हर श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना रखी और माँ के आशीर्वाद से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। महाष्टमी और महानवमी के पावन अवसर पर माता की विशेष महाआरती एवं हवन किया गया, तथा देवी को महाप्रसादी का विशेष भोग अर्पित किया गया।

इसके पश्चात बिना किसी भेदभाव के सभी रहवासियों ने एक साथ पंगत में बैठकर माता की महाप्रसादी ग्रहण की। इसी अपार श्रद्धाभाव के साथ सभी रहवासियों ने उत्सव के समापन पर एकजुट होकर यह पवित्र संकल्प भी लिया कि माता रानी की असीम कृपा से वे भविष्य में भी इसी प्रकार मिलजुलकर कार्य करते रहेंगे और प्रतिवर्ष इसी भव्यता और उल्लास के साथ यह उत्सव मनाएंगे। गुलमर्ग परिसर का यह नवरात्रि महोत्सव समाज को यह सशक्त संदेश दे रहा है कि जहाँ माँ की सच्ची भक्ति होती है, वहाँ एकता की असीम शक्ति होती है। माँ दुर्गा के चरणों में पूर्णतः समर्पित यह आयोजन श्रद्धा और उच्च संस्कारों की एक ऐसी अमिट छाप छोड़ रहा है, जिसे हर श्रद्धालु अपने हृदय में सदैव संजोकर रखेगा। इस पुनीत और निर्विघ्न कार्य में सहभागी बने वाले और एक- दूसरे का सहयोग करने वाले सभी रहवासियों का बहुत- बहुत धन्यवाद एवं साधुवाद। जय माता दी! शक्ति भी माँ, भक्ति भी माँ — हमारी गुलमर्ग की महारानी।

की महारानी’ का भव्य दरबार: आस्था, सनातन संस्कृति और एकजुटता का बना अनूठा संगम विविध संवादः प्रकाश त्रिपाठी