आज हम रावण दहन करके भगवान श्रीराम की विजय का उत्सव मनाते हैं। यह हमारी धार्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और जीवन-मूल्यों का एक महत्वपूर्ण प्रतीक है। लेकिन क्या दशहरे का उद्देश्य केवल रावण के पुतले का दहन कर देना है? निश्चित रूप से नहीं। इस महान पर्व का वास्तविक उद्देश्य उसके भीतर छिपे संदेश को समझना और अपने जीवन में उतारना है। रावण कोई साधारण व्यक्ति नहीं था। वह प्रकांड विद्वान, महान शिवभक्त और असाधारण ज्ञान का धनी था। लेकिन उसके भीतर अहंकार, अधर्म और अनैतिक आचरण ने ऐसी जगह बना ली कि उसका ज्ञान भी उसे विनाश से नहीं बचा सका। यह हमें सिखाता है कि केवल विद्वान होना पयाप्त नहीं है; ज्ञान के साथ विवेक, चरित्र और नैतिकता का होना भी आवश्यक है। रावण के अंत के लिए भगवान श्रीराम ने मानव रूप में अवतार लिया।
वे चाहते तो अपनी दिव्य शक्ति से पल भर में उसका अंत कर सकते थे, उन्होंने वनवास सहा, कठिनाइयों का सामना किया, सहयोगियों को संगठित किया, सेना तैयार की और युद्ध के मैदान में उतरकर अधर्म का अंत किया। इस प्रसंग में हमारे लिए एक बहुत बड़ा संदेश छिपा है—जब स्वयं भगवान राम ने धर्म की स्थापना के लिए संघर्ष का मार्ग अपनाया, तो हम मनुष्यों को भी अन्याय और बुराई के विरुद्ध खड़े होने का साहस रखना चाहिए। जीवन में अनेक बार ऐसी परिस्थितियाँ आती हैं, जब हमें लगता है कि हम अकेले हैं, हमारे पास पयाप्त साधन नहीं हैं, विरोधी हमसे अधिक शक्तिशाली है या सफलता की संभावना बहुत कम है। ऐसे समय में हम निराश हो जाते हैं, अपनी क्षमता पर संदेह करने लगते हैं और कभी-कभी परिस्थितियों के सामने घुटने टेक देते हैं। लेकिन दशहरा हमें सिखाता है कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, हमें अपने संकल्प से पीछे नहीं हटना चाहिए।
हमें संघर्ष करना होगा, हार न माने का साहस रखना होगा, अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहना होगा और बुराई के सामने समर्पण करने के बजाय उसका सामना करना होगा। इसी प्रकार, जब समाज में भ्रष्टाचार, अन्याय, शोषण या अनैतिकता दिखाई दे, तो हमें अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। हमें सत्य, साहस, विवेक और संवैधानिक तथा नैतिक तरीकों से उनका विरोध करना चाहिए। याद रखिए, बुराई की ताकत से अधिक महत्वपूर्ण है अच्छाई के पक्ष में खड़े होने का हमारा संकल्प। इसलिए आइए, इस दशहरे पर केवल रावण का पुतला जलाने तक सीमित न रहें। अपने भीतर की बुराइयों को समाप्त करने और समाज की बुराइयों के विरुद्ध खड़े होने का संकल्प लें। निराशा को आशा से, भय को साहस से, अहंकार को विनम्रता से और अन्याय को सत्य एवं धर्म से पराजित करने का प्रयास करें। संघर्ष करना है, संकल्पि त रहना है, हार नहीं मानी है और बुराई के सामने कभी समर्पण नहीं करना है।
यही दशहरे का संदेश है, यही श्रीराम के आदर्शों की प्रेरणा है और यही एक बेहतर व्यक्ति, बेहतर समाज तथा बेहतर राष्ट्र के निर्माण का मार्ग है। आप सभी को विजयादशमी की हार्दिक शुभकामनाएँ! जय श्रीराम!