पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा का उल्लास उस वक्त गहरे शोक में बदल गया, जब सप्तमी की शाम उत्तर कोलकाता के ऐतिहासिक चोरबागान पूजा पंडाल में भीषण भगदड़ मच गई। इस हृदयविदारक घटना में 17 लोगों की अकाल मृत्यु हो गई, जिनमें 13 महिलाएं, तीन पुरुष और एक बच्चा शामिल है। इसके अलावा 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। बारिश, अंधेरा और संकरे रास्ते बने काल सारदा पार्क मैदान में करीब 20 हजार वर्ग फीट में बना यह 91 साल पुराना (1935 में स्थापित) पंडाल इस बार ‘बियॉन्ड साउंड’ थीम पर आधारित था। थीम के कारण अंदर लगभग अंधेरा रखा गया था और 360 डिग्री का घुमावदार रास्ता बनाया गया था। प्रवेश और निकास के लिए केवल एक-एक संकरी गली थी। शाम को अचानक हुई बारिशसे बचने के लिए बाहर कतार में खड़े सैकड़ों लोग एक साथ अंदर घुसने लगे। गेट पर अचानक दबाव बढ़ने से एग्जिट गेट का एक हिस्सा टूटकर गिर गया।
आयोजकों और सुरक्षाकर्मियों की घबराहट ने स्थिति को और बिगाड़ दिया। सुरक्षाकर्मियों ने एक साथ सीटी बजानी शुरू कर दी और अनाउंसमेंट किया, जिसे अंधेरे में फंसे लोगों में दहशत फैल गई और जान बचाने की होड़ में भगदड़ मच गई। त्रासदी की दर्दनाक दास्तां हादसे के बाद का मंजर रूह कंपा देने वाला था। कुम्हारटोली के रहने वाले सोनू का दर्द इस हादसे की भयावहता बयां करता है। सोनू अपनी मां के साथ दर्शन करने आए थे, लेकिन भीड़ के धक्के में वे नीचे गिर गए। जब तक वे संभलकर अपनी मां तक पहुंचे, तब तक उनकी मां की सांसें थम चुकी थीं। मौके पर इतनी अफरा-तफरी थी कि घायलों को बाइक से और कुछ शवों को ओला कैब से अस्पताल ले जाना पड़ा। प्रशासनिक कार्रवाई और प्रतिक्रियाएं हादसे के तुरंत बाद चोरबागान समेत चार अन्य पंडालों को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है। पंडाल की सुरक्षा में लगी निजी एजेंसी के कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यह हादसा पूजा समिति द्वारा तैनात निजी सुरक्षाकर्मियों के भारी कुप्रबंधन और उनकी गलत अनाउंसमेंट के कारण हुआ। वहीं, कोलकाता दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस त्रासदी पर गहरा दुख व्यक्त किया है और शोक स्वरूप रविवार के अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं। सुरक्षा पर उठते सवाल पिछले 4 सालों से थीम बेस्ड बन रहे इस पंडाल में हर साल भीड़ बढ़ती जा रही थी, लेकिन संकरी गलियों वाले इस इलाके में भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। पिछले 11 सालों में कोलकाता के पंडालों में यह तीसरी बड़ी भगदड़ है (इसे पहले 2021 में श्रीभूमि और 2015 में देशप्रिय पार्क में भगदड़ मची थी), लेकिन यह पहली बार है जब इतनी बड़ी संख्या में जनहानि हुई है। यह हादसा प्रशासन और पूजा समितियों के लिए एक कड़ा सबक है कि आस्था के नाम पर सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
