भोपाल: राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र न्यू माकेट में आने वाले ग्राहकों को अब जाम और भीड़भाड़ से जल्द ही राहत मिलने वाली है। न्यू माकेट के नो- व्हीकल जोन में रेहड़ी लगाने वाले हॉकर्स को अब टीटी नगर स्टेडियम के पास स्थित हाट बाजार में शिफ्ट किया जाएगा। मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों और न्यू माकेट व्यापारी संघ के बीच हुई एक अहम बैठक में इस निर्णय पर सहमति बनी है। बाजार में ग्राहकों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए तय किया गया है कि फुटपाथ पूरी तरह से खाली रखे जाएंगे। इसके साथ ही, अतिक्रमण रोकने के लिए दुकानों के सामने एक बार फिर से पीली लाइन की मार्किंग की जाएगी। बाजार में आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए अब प्रतिदिन दमकल वाहन से मॉकड्रिल की जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि फायर ब्रिगेड का वाहन आसानी से बाजार के अंदर पहुंच सके।
इसके अतिरिक्त, 45 और 36 नंबर चबूतरे की दुकानों में लगे फायर हाइड्रेंट का रखरखाव किया जाएगा और जनभागीदारी के माध्यम से नया फायर हाइड्रेंट सिस्टम लगाने का भी निर्णय लिया गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर निगम के उपायुक्त भुवन गुप्ता, फायर ऑफिसर सौरभ पटेल, व्यापारी संघ के अध्यक्ष सतीश गंगराडे और अजय देवनानी समेत अन्य अधिकारी व पदाधिकारी उपस्थित थे। अग्नि सुरक्षा पर विशेष जोर, रोज होगी मॉकड्रिल